अलवर में दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को कहीं तेज तो कही हल्की बारिश हुई। बारिश के साथ तेज आंधी भी चली। मौसम विभाग ने इसका पहले अलर्ट जारी किया था। हालांकि सुबह 10 बजे तक बादल छाए रहे थे। इसके बाद धूप खिलने पर पूरे दिन तेज गर्मी का कहर रहा। शाम को मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। अलवर में दोपहर में तेज धूप के कारण 42.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। इससे लोग खासा परेशान नजर आए। मौसम विभाग ने अगले दो दिन जिले में हल्की बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। दिनभर तेज गर्मी से परेशान रहे लोग अलवर में दिनभर तेज गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। जिला हॉस्पिटल में भी मरीज और उनके परिजन गर्मी से बेहाल नजर आए। हॉस्पिटल में गर्मी से राहत के लिए ग्रीन नेट लगाकर छांव की व्यवस्था की गई है, लेकिन हवा नहीं चलने से मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही। मरीजों को राहत देने के लिए उनके परिजन तौलियों से हवा करते नजर आए। सीटी स्कैन रूम के बाहर गैलरी में स्ट्रेचर पर पड़े मरीजों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वहां पंखों की व्यवस्था नहीं है। शहर की सड़कों पर पानी का किया छिड़काव नगर निगम की टीम बढ़ती गर्मी को देखते हुए शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रही है, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।