अलवर में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग सिर पर तौलिया या कपड़ा ढककर घरों से बाहर निकल रहे हैं, ताकि लू से बचाव किया जा सके। बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने लू और हीटस्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष वार्ड शुरू किया है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ दवाइयों के लिए लंबी कतारें भी लग रही हैं, जहां लोगों को तेज धूप में इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए अस्पताल प्रशासन ने टेंट और ग्रीन मैट्स लगाकर छांव की व्यवस्था की है। साथ ही गर्मियों में सावधानियां बरतने के लिए भी बोर्ड लगाए गए हैं। शनिवार शाम को अचानक मौसम बदला और बादल छा गए, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन बारिश नहीं हुई। रविवार सुबह से फिर तेज धूप और गर्मी का असर लौट आया। जिले में तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।इसी के साथ रात के समय भी गर्माहट महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हीटवेव रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव हो सकता है और आंधी के साथ बारिश होने के आसार हैं। तेज गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि तापमान कुछ कम किया जा सके। बावजूद इसके, दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और खासकर बाइक सवार बहुत कम नजर आ रहे हैं।