अलवर में रविवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब 5 बजे के बाद मौसम बदलने से तेज आंधी-तूफान के साथ घने बादल छा गए। शाम 6 बजे गहरा अंधेरा छा गया। शहर और आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में ओले भी गिरे। वहीं कई जगह पेड़ भी टूट गए। बूंदाबांदी होने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। अलवर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में बारिश, ओले की देखें PHOTOS… कई इलाकों में गिरे ओले मालाखेड़ा क्षेत्र के इंदोक और राडी गांव सहित आसपास के इलाकों में ओले गिरे। ओलावृष्टि से सब्जियों की खेती में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं रामगढ़ क्षेत्र के मिलकपुर गांव के आसपास तेज तूफान के चलते बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ता बाधित रहा। स्थानीय लोग पेड़ की लकड़ियां हटाते और उठाकर ले जाते नजर आए। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि तेज आंधी और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार- अगले तीन दिनों तक सुबह के समय आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढंका रहेगा, जो शाम या रात तक पूरी तरह बादलों से घिर सकता है। इस दौरान बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई हैं।