अलवर में होम लोन लेने के लिए धोखाधड़ी और किश्त नहीं भरने का मामला सामने आया है। मुथूट होमफिन (इंडिया) लिमिटेड का आरोप है कि जयपुर निवासी पति-पत्नी ने अलवर में किसी और के मकान को अपना बताकर 19 लाख 80 हजार 878 रुपए का लोन उठा लिया। इसके बाद लोन की किश्तों को नहीं भरा। अब पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में परिवाद पेश किया है। कोर्ट के आदेश पर शहर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरे का प्लॉट दिखाकर लोन लेने का आरोप परिवाद के अनुसार- जयपुर के गणपति नगर, रेलवे कॉलोनी निवासी जयराम बैरवा और उनकी पत्नी निर्मला बैरवा ने अक्टूबर 2023 में अलवर स्थित मुथूट होमफिन की शाखा से होम लोन के लिए आवेदन किया था। कंपनी ने उन्हें 19 लाख 80 हजार 878 रुपए का ऋण स्वीकृत किया। लोन की 180 मासिक किश्त भरनी थी। कंपनी का आरोप है कि लोन लेने से पहले पति-पत्नी ने अलवर जिले की रैणी तहसील के छिलोड़ी गांव स्थित एक आवासीय भूमि के पट्टे से संबंधित कागज दिखाए थे। प्लॉट पर बने मकान को दिखाकर उसे अपना घर बताया था। कंपनी के प्रतिनिधि जब संपर्क करने पहुंचे तो पता चला कि ऋण के लिए दिए गए कागज जिस संपत्ति के थे, वो किसी दूसरे व्यक्ति जसराम की संपत्ति है। किश्तों का भुगतान नहीं करने का भी आरोप परिवाद में आरोप लगाया गया है कि दंपती ने लोन की नियमित किश्तों का भुगतान भी नहीं किया। कंपनी की ओर से बार-बार तकाजा करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। फिलहाल कंपनी की कमर्चारी भानु प्रकाश पारीक की रिपोर्ट पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।