अलवर के सरकारी हॉस्पिटल में महिला नर्सिंग ऑफिसर ने बुखार से पीड़ित मरीज को धमकाया। नर्सिंग ऑफिसर ने मरीज से कहा- ‘100 आदमी बुलाकर पिटवा दूंगी। मुझे ऐरा-गैरा समझा है क्या?’ मामला काला कुआं सैटेलाइट हॉस्पिटल का शनिवार शाम करीब 4:30 बजे का है। मरीज केदार गुर्जर हॉस्पिटल में भर्ती होने आया था। उसने नर्सिंग ऑफिसर रचना सोनी से कहा था कि मुझे इलाज कराकर ही जाना है, मुझे भर्ती करो। इस पर नर्सिंग ऑफिसर ने भर्ती करने से मना कर दिया। दोनों में बहस हो गई। मरीज ने पीएमओ प्रमिला मीणा को फोन करके पूरे मामले की जानकारी दी तो उसे भर्ती कर लिया गया। लेकिन एक घंटे बाद नर्सिंग ऑफिसर ने उसे बेड से फ्री कर दिया और कहा कि अब बेड खाली नहीं है। इसके बाद मरीज को बिना इलाज करवाए ही लौटना पड़ा। पूरे मामले का वीडियो रविवार को सामने आया। चाय पीने गया तो दूसरे मरीज को दिया बेड मरीज ने बताया- मैं पिछले तीन दिन से तेज बुखार से परेशान था। जब अस्पताल के डॉ. विकास से फोन पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि आप हॉस्पिटल में भर्ती हो जाओ। इसके बाद मैं शनिवार शाम को घर से अस्पताल आया था। काफी बहस के बाद नर्सिंग ऑफिसर ने मुझे भर्ती किया। भर्ती होने के बाद मैं चाय पीने के लिए नीचे आ गया। वापस गया तो उसी मैडम ने कह दिया कि आपकी जगह दूसरा मरीज आ गया, अब बेड नहीं है। इस मामले की पीएमओ को शिकायत दी है। नर्सिंग ऑफिसर बोली- मुझसे गलत तरीके से बात की उधर, नर्सिंग ऑफिसर रचना सोनी का कहना है कि मरीज मुझसे गलत तरीके से बात कर रहा था। तब मैंने भी ऐसा कह दिया होगा। पीएमओ बोलीं- मामले की जांच कराएंगे पीएमओ प्रमिला मीणा का कहा- नर्सिंग ऑफिसर अभी नई आई हैं, उनको पूरी जानकारी नहीं होगी। मरीज केदार गुर्जर पहले अस्पताल में ही पार्किंग चलाता था। मामले की जांच करा लेंगे, इसके बाद ही कुछ कहेंगे।