अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट करने और पथराव कर मकान के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक महिला, उसके परिवार के सदस्यों सहित 5-7 अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में एनईबी थाना पुलिस ने देर रात रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर में घुसकर परिवार से मारपीट की घटना 22 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे रामनगर कॉलोनी की है। मामले में पीड़िता हेमलता जागा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, 22 अक्टूबर की सुबह पप्पी, शहनाज, शहजाद और 5-7 अन्य लोग उनके घर आए और पथराव शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी घर में घुस गए और उनके साथ-साथ बेटी भावना व बेटे हर्ष से मारपीट की। कान के टॉप्स भी छीन ले गए आरोपी पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कान से सोने का टॉप्स भी छीन लिया गया। मारपीट में उनकी बेटी को चोटें आईं और मकान के शीशे भी टूट गए। पीड़िता के अनुसार, उनके पति ने पहले आरोपियों के खिलाफ गोवंश से संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज करवाया था। इसी को लेकर आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।