अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी पार कर ली। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में प्रार्थी देशराज मीणा पुत्र रत्तीराम मीणा (35) निवासी मुकन्दपुरा थाना रेणी, हाल निवासी श्रीराम कॉलोनी कटी घाटी अलवर ने बताया कि वह 25 अप्रैल 2026 की शाम अपने मकान पर ताला लगाकर रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने के लिए मालाखेड़ा गया हुआ था। रात करीब 3:45 बजे जब वह वापस लौटा तो मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और अलमारी के ताले तोड़कर सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे चांदी के जेवरात, जिनमें पायजेब, सांठ, चार चांदी की मालाएं, 8 से 10 अंगूठियां और चार चांदी के सिक्के शामिल हैं, साथ ही एक सोने का मंगलसूत्र और करीब 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।