अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों के जेवर और नकदी पार कर ले गए। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार देशराज मीणा पुत्र रत्तीराम मीणा (35) निवासी मुकन्दपुरा थाना रैणी, हाल निवासी श्रीराम कॉलोनी कटी घाटी अलवर ने रिपोर्ट दी है। उसने रिपोर्ट में बताया कि वह 25 अप्रैल 2026 की शाम अपने मकान पर ताला लगाकर रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने के लिए मालाखेड़ा गया हुआ था। रात करीब 3:45 बजे जब वह वापस लौटा तो मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और अलमारी के ताले तोड़कर सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे चांदी के जेवरात, जिनमें पायजेब, सांठ, चार चांदी की माला, 8 से 10 अंगूठियां और चार चांदी के सिक्के शामिल हैं, साथ ही एक सोने का मंगलसूत्र और करीब 60 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।