अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कबीर कॉलोनी के समीप सोमवार सुबह पुश्तैनी मकान के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस हमले में एक पक्ष के दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोर्ट में विचाराधीन है मामला कबीर कॉलोनी निवासी पीड़ित पक्ष के जगदीश शर्मा और राजेंद्र शर्मा का अपने ही रिश्तेदार कैलाश के परिवार से पुश्तैनी मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। परिजनों के अनुसार, यह मामला अदालत में भी विचाराधीन है। सोमवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। छत से बरसाए ईंट-पत्थर, एक की हालत नाजुक पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के कैलाश, अमित उर्फ लक्की, ललिता और ज्योति ने हमला कर दिया। आरोपियों ने छत से ईंट और पत्थर फेंके। पत्थरों की चपेट में आने से जगदीश शर्मा और राजेंद्र शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से जगदीश शर्मा के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाली थाना पुलिस में पीड़ित पक्ष की ओर से आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।