अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने FIR दर्ज की। शिकायतकर्ता मोहित बीमरोट ने रिपोर्ट में बताया कि अजबपुरा, नारायणपुर के रहने वाले ब्रजमोहन सैनी पुत्र घूणीलाल सैनी ने शहर के हनुमान सर्किल के पास मूगस्का स्थित करीब 2.49 हेक्टेयर जमीन को अपनी बताते हुए उसका सौदा 4 करोड़ 11 लाख रुपए में तय किया। इस दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसने जमीन के असली खातेदारों से सौदा कर रखा है। इस जमीन पर कोई विवाद और कानूनी अड़चन नहीं है। साथ ही 31 जुलाई 2025 तक रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया। जमीन बेचने का झांसा देकर 35.50 लाख ऐंठे मोहित का आरोप है कि आरोपी की बातों पर विश्वास कर उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 35 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान कर दिया। इसमें 25 लाख रुपए और 8.50 लाख रुपए के दो चेक, 99 हजार और 50 हजार रुपए फोन-पे के जरिए तथा 1.01 लाख रुपए नकद दिए गए। दोनों पक्षों के बीच स्टांप पेपर पर इकरारनामा भी हुआ और भुगतान की रसीद भी दी गई। पैसे देने के बाद भी नहीं कराई रजिस्ट्री आरोप है कि तय समय पर आरोपी रजिस्ट्री कराने से लगातार बचता रहा। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित जमीन को यूआईटी (नगर विकास न्यास) अलवर पहले ही अधिग्रहित कर चुका है। इसके बाद आरोपी ने पहले पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में इनकार कर दिया। परिवादी ने आरोप लगाया कि जमीन के मूल खातेदारों और आरोपी को पहले से पता था कि जमीन यूआईटी के अधिग्रहण में है, इसके बावजूद यह बात छिपाकर उससे करोड़ों रुपए का सौदा किया गया और लाखों रुपए ले लिए गए। वहीं आरोप का ब्रजमोहन का कहना हैं की मैंने कुछ पैसे वापस लौटा दिए बाकी भी लौटा दूंगा,हमारा इस जमीन का सौदा हुआ था लेकिन यह जमीन मेरे किसी परिचित की हैं। मामले में के अरावली विहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।