अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के लोकंदपुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में दोनों पक्षों के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है। दोनों के कमर और पीठ पर मारपीट के गहरे घाव हैं। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पहले पक्ष के घायल हेतराम मीणा ने बताया कि 19 अप्रैल को एक शादी समारोह में शराब पीने को लेकर गांव के श्रीमन और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि वह उस समय मौके पर मौजूद नहीं था और भरतपुर गया हुआ था। इसके बावजूद गांव के ही जितेंद्र बैरवा, जसराम बैरवा सहित 15 से 20 लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और फरसी से हमला कर दिया। हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। इस हमले में हेतराम के कमर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के श्रीमन बैरवा (24) ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते झाला-टाला क्षेत्र से आए सत्या, दिनेश और शाहिद सहित करीब 8 लोगों ने पहले उसका अपहरण किया और फिर कुछ दूरी पर ले जाकर उस पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रीमन के कमर और पीठ पर गहरे घाव के निशान हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर विवाद की वजह दोनों पक्षों के युवकों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है।