अलवर में एक घर का मुखिया पिछले चार दिनों से लापता है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि 53 साल के कैलाश चंद सैनी 8 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। घर से निकलते समय उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि वह करीब एक घंटे में वापस लौट आएंगे, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे, जो घर के मुखिया है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, कैलाश चंद सैनी को आखिरी बार कालीमोरी फाटक पार करते हुए देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अरावली विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज परिजनों ने अरावली विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजन लगातार रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं चाचा गुमशुदा के भतीजे राजू सैनी ने बताया कि उनके चाचा एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और रोजाना सुबह टहलने जाते थे। लेकिन इससे पहले कभी भी इस तरह बिना बताए गायब नहीं हुए। उन्होंने बताया कि चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार में चिंता का माहौल है और घर के लोग बेहद परेशान हैं। मोहल्ले के लोगों ने भी मिलकर आसपास के क्षेत्रों, सुनसान जगहों और संभावित लोकेशन पर तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में परिजन पुलिस से जल्द से जल्द कैलाश चंद सैनी का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।