जैसलमेर जिले के पोकरण और भणियाणा क्षेत्र में मानसून ने जोरदार दस्तक देकर किसानों का लंबा इंतजार खत्म कर दिया है। लगातार दूसरे दिन हुई अच्छी बारिश से सूखी धरती तर-बतर हो गई है और खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। बारिश के बाद खरीफ फसलों की बुवाई ने भी रफ्तार पकड़ ली है। भणियाणा में सबसे ज्यादा 46 मिमी बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को भी जिले में दिनभर बादलों का डेरा रहा। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बने अनुकूल हालात लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे पोकरण और आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसानों को अब राहत मिली है। अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई के लिए हालात अनुकूल हो गए हैं। किसानों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो इस बार खरीफ का सीजन बेहतर रहने की उम्मीद है। भणियाणा में सबसे ज्यादा बारिश जिले के ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। भणियाणा में सर्वाधिक 46 मिमी, फलसूंड में 26 मिमी और मोहनगढ़ में 22 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा सांकड़ा, नाचना, जैसलमेर, पोकरण, फतेहगढ़, चांधन और देवीकोट क्षेत्र भी बारिश से प्रभावित रहे। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। 28 जुलाई तक बारिश का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार 24 से 28 जुलाई के बीच जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने 26 और 27 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।