अलवर में मेव बोर्डिंग मस्जिद पर पेट्रोल बम जैसी वस्तु फेंकने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हिस्ट्रीशीटर प्रवीण गुर्जर और परमजीत उर्फ नोनू के रूप में हुई है, जबकि पुलिस उनके बाकी साथियों की तलाश कर रही है। एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया- गुरुवार देर रात कुछ युवकों ने रोड नंबर दो स्थित मस्जिद परिसर की ओर पेट्रोल बम जैसी ज्वलनशील वस्तु फेंकी थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए, जो ट्रांसफार्मर के पास रुककर जलती हुई वस्तु मस्जिद की ओर फेंककर फरार हो गए। अब देखिए, मामले से जुडी PHOTOS… सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी से मिली सफलता एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रवीण गुर्जर अखेपुरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी, क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है, जिसमें घटना के पीछे की साजिश, अन्य साथियों की भूमिका और उद्देश्य को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने में 3 से ज्यादा युवक शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।