अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी पहले से दो रेप मामलों की पीड़ित है और दोनों मामलों की सुनवाई पोक्सो कोर्ट में चल रही है। परिजनों का आरोप है कि कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपियों को सामने देखकर किशोरी बुरी तरह सहम गई थी और बेहोश हो गई थी। इसके अगले ही दिन वह स्कूल से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार शाम उसकी मां ने संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों को देखकर बेहोश हो गई नाबालिग पीड़िता की मां ने रिपोर्ट में बताया कि 18 जुलाई को उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसके पिता उसे लेने स्कूल पहुंचे, लेकिन वह स्कूल के मुख्य गेट पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने स्कूल परिसर, रिश्तेदारों और शहर के विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुनवाई के अगले दिन ही गायब रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नाबालिग के साथ पहले दो बार रेप हो चुका है। दोनों मामलों की सुनवाई पोक्सो कोर्ट में चल रही है। 17 जुलाई को दोनों मामलों में पेशी थी। उस दौरान आरोपी और उनके साथी भी कोर्ट पहुंचे थे। उन्हें देखकर किशोरी घबरा गई और अदालत परिसर में ही बेहोश हो गई थी। परिजनों का कहना है कि उस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से बेहद डरी हुई थी और लगातार तनाव में थी। थाना प्रभारी (एसएचओ) ने बताया कि इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नाबालिग पहले दो रेप की घटनाओं की पीड़िता है, जिनके मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। दोनों मामलों के आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद हैं। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है तथा सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। --- ये खबर भी पढ़ें… प्राइवेट स्कूल में साढ़े तीन साल की बच्ची से रेप:दर्द से रोती बच्ची ने घर आकर मां से कहा- बाथरूम में अंकल ने गलत हरकत की डीडवाना-कुचामन जिले के प्राइवेट स्कूल में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ रेप हुआ है। स्कूल से लौटने के बाद बच्ची पेट दर्द से कराहने लगी। मां के पूछने पर उसने कहा- स्कूल के बाथरूम में एक अंकल उसे ले गए और उसके साथ गलत हरकत की। डॉक्टरों ने भी बच्ची के साथ रेप होने की आशंका जताई है। (पूरी खबर पढ़ें)