अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर मां ने थाने में दो युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। नाबालिग की मां ने दो युवकों पर बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुट गई है। बिना बताए घर से निकली देर रात तक नहीं लौटी रिपोर्ट में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी बुधवार को बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई और देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। स्कूल जाते समय दो युवकों पर पीछा करने का आरोप मां ने पुलिस को बताया कि जब उसकी बेटी स्कूल जाती थी, तब दो युवक उसका पीछा करते थे। बेटी ने भी कई बार इसकी जानकारी परिवार को दी थी। अब परिवार को आशंका है कि वही दोनों युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। परिजनों ने बताया कि जब वे एक युवक के घर पहुंचे तो वह भी घर से गायब मिला, जिससे उनका शक और गहरा गया। पुलिस संभावित ठिकानों पर दे रही दबिश पुलिस ने मां की शिकायत पर दोनों नामजद युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।