अलवर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही शहर सहित कई क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के कारण मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और उमस से भी राहत मिली। वहीं तड़के सुबह करीब 4 बजे नगर पालिका बहादुरपुर के मेघवाल मोहल्ले में बारिश के कारण एक मकान ढह गया। पानी और सीलन से मकान अचानक जमींदोज हो गया,जिससे आस-पास के लोग सहम गए। अलवर जिले में 4 बजे तक कुल 67 MM बारिश हुई,जिसमें शहर में 2mm, लक्षमण्गड में 16mm ,नौगावां में 37mm, प्रतापगढ़ में 12mm बारिश हुई। देखिए, बरसात के फोटो कई इलाकों में बारिश, मकान गिरा अलवर शहर के तुलेड़ा, चिरखाना, चांदोली, ततारपुर, अकबरपुर,सरिस्का ,थानागाजी सहित आस-पास के कई इलाकों में आज सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं से पूरे जिले का मौसम खुशनुमा बना हुआ है। बहादुरपुर के मेघवाल मोहल्ले विक्रम पुत्र परसादी का घर बारिश में गिर गया। उस समय परिवार के लोग घर के अंदर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी समय पर बाहर निकल गए। 7 जुलाई तक बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार- 2 जुलाई से 7 जुलाई तक अलवर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। पिछले कई दिनों से जिले में मौसम लगातार बदल रहा था। कभी बादल छा रहे थे, तो कभी हल्की बारिश हो रही थी। इसके बाद तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। लेकिन गुरुवार सुबह से मौसम में आए बड़े बदलाव ने संकेत दे दिए हैं कि अलवर में मानसून की औपचारिक एंट्री अब बेहद करीब है।