अलवर में रविवार को दोपहर बाद मौसम बदल गया। जिले के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं जिले के मौजपुर इलाके में तेज बारिश हुई। कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। बारिश को बाद लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने रविवार से 10 जुलाई तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा में नमी 75 से 80 प्रतिशत रहने से उमस बनी रह सकती है। अलवर में मानसून की एंट्री 2 जुलाई को हुई थी। उस दिन जिले में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 3 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं 4 जुलाई को सुबह से शाम तक घने बादल छाए रहे। इस दौरान सरिस्का, थानागाजी और अलवर शहर के आसपास बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। इससे शनिवार को लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। आज रविवार को दोपहर बाद जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पिछले 10 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिन वर्षों में मानसून की एंट्री देर से हुई, उन सालों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई थी। ऐसे में इस बार भी लोगों की नजर आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हुई है।