अलवर जिले में पंचायत राज चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 22 अक्टूबर को है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन जमा कराने की अंतिम तारीख आज यानी मंगलवार है। बीजेपी व कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशियों के अलावा बागियों के भी नामांकन जमा होंगे। टिकट कटने पर कुछ बागी चेहरे भी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि नामांकन वापसी के बाद चुनाव की असली तस्वीर सामने आ सकेगी। माना जा रहा है कि अलवर में बीजेपी व कांग्रेस के प्रत्याशियों के सीधे सिंबल जमा होंगे। उसी समय दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों के चेहरे सामने आ जाएंगे। अलवर में 12 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य की 39 सीटों के लिए कुल 66 नामांकन जमा हुए थे। वहीं सभी पंचायत समिति 221 सदस्यों के लिए 246 नामांकन दाखिल हुए थे। आखिरी तारीख को बड़ी संख्या में नामांकन जमा होंगे। 12 अक्टूबर को भी अलवर मिनी सचिवालय में जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन जमा कराने वालों की भीड़ रही थी। लेकिन अब नामांकन जमा कराने की अंतिम तारीख है। इस कारण अधिक संख्या में चुनाव लड़ने के दावेदार और उनके समर्थकों की भीड़ रहेगी।