अलवर में पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में केवल 7 दिन बचे हैं। नामांकन जमा हो चुके हैं। इस बार अलवर जिला प्रमुख की सीट एसटी महिला के लिए रिजर्व है। अलवर जिला परिषद में कुल 39 सीटें हैं। इन पर कुल 11 एसटी महिला चुनावी मैदान में हैं। इस कारण बड़ा मुकाबला एसटी महिला वर्ग की सीटों पर माना जा रहा है। कुछ सामान्य वर्ग की सीट पर भी एसटी महिला को मौका मिला है। इन में अफसर की पत्नी, कॉलेज छात्रा, रिटायर प्रोफेसर, रिटायर लेक्चरर चुनावी मैदान में हैं। अलवर में एमआईए क्षेत्र के मूलचंद डीगवाल जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। इनको बीजेपी ने टिकट दिया है। वहीं, मूलचंद डीगवाल के बेटे सुदीप डीगवाल सरपंच पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। जयपुर सचिवालय में RAS पति की नौकरी, पत्नी लड़ रही चुनाव अलवर जिला परिषद के वार्ड 11 से बीजेपी की प्रत्याशी रेशमा मीणा हैं। जो आरएएस अधिकारी सूंडाराम की पत्नी हैं। आरएएस सूंडाराम जयपुर सचिवालय में कार्यरत हैं। सूंडाराम का मूल गांव थानागाजी में ईसला है। जो खुद वार्ड 10 की निवासी हैं। टिकट वार्ड 11 से मिला है। इनके सामने रामेश्वर दयाल कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। जो तीन बार के सरपंच हैं। रामशरण गुरुजी का टिकट काट कर रामेश्वर सरपंच को दिया गया है। कॉलेज छात्रा सुमन मीणा का मुकाबला पूर्व उप जिला प्रमुख से बीजेपी ने वार्ड 12 से 21 साल की कॉलेज छात्रा सुमन मीणा को टिकट दिया है। सुमन मूडियावास की निवासी हैं। सुमन प्राइवेट कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा हैं। सुमन के पिता बनवारी लाल मीणा खेती करते हैं। बकरी चराते हैं। बीजेपी ने सुमन को भाई रामदयाल डांगी मीणा के कारण टिकट दिया है। वे थानागाजी के विधायक कांती मीणा के ड्राइवर के रूप में कुछ महीने काम कर चुके हैं। हालांकि कांती मीणा का कहना है कि वे कभी उनके ड्राइवर नहीं रहे हैं। जोधपुर यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रही बिमला वर्मा वार्ड 13 से प्रत्याशी जोधपुर यूनिवर्सिटी से रिटायर प्रोफेसर बिमला वर्मा प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं। इनको वार्ड 13 से कांग्रेस ने टिकट दिया है। बिमला वर्मा और उनके पति डॉ सोहनलाल मीणा जोधपुर यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद से रिटायर हो चुके हैं। इनके सामने हरीश पायला को बीजेपी ने टिकट दिया है। हरीश पायला बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। चुनाव के लिए स्कूल व्याख्याता की नौकरी छोड़ी चुनाव के लिए स्कूल व्याख्याता संतोष मीना ने नौकरी छोड़ दी। वीआरएस लेने के बाद बीजेपी ने वार्ड 21 से उनको टिकट दिया है। वे सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीना की पत्नी हैं। पिछली बार बन्नाराम मीना भी बीजेपी के टिकट से राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।