अलवर में एक बार फिर पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम धमकी से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार न सिर्फ पासपोर्ट ऑफिस बल्कि मिनी सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। देखें ये PHOTOS…. जयपुर हेड ऑफिस में मिला मेल जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे जयपुर हेड ऑफिस से मिले मेल में राजस्थान के पासपोर्ट ऑफिस के साथ-साथ अन्य सरकारी दफ्तरों को भी निशाना बनाने की बात कही गई। मेल में 12:15 बजे तक बम ब्लास्ट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पासपोर्ट ऑफिस को तुरंत खाली कराया गया। कर्मचारियों और काम करवाने आए लोगों को बाहर निकाल दिया गया। कोतवाली थाना पुलिस के सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और एक कॉन्स्टेबल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे काम दोबारा शुरू किया गया। मिनी सचिवालय को भी धमकी इधर, मिनी सचिवालय में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें अलर्ट मोड पर रहीं और पूरे परिसर की जांच की गई। हालांकि वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस दौरान आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पासपोर्ट बनवाने आए लोगों का कहना है कि वे घंटों बाहर खड़े रहे, लेकिन कोई विशेष जांच टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मेल तमिलनाडु से भेजा गया पोस्टमास्टर रतन लाल मीणा ने बताया कि धमकी भरा मेल पहले की तरह इस बार भी मिला, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मेल तमिलनाडु से भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।