अलवर में बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद नकाबपोश युवक ने सेल्समैन को गोली मार दी। सेल्समैन ने पेट्रोल भरने के बाद 898 रुपए मांगे थे। युवक ने रुपए देने से मना कर दिया। सेल्समैन ने दोबारा रुपए मांगे तो जेब से कट्टा निकाला और गोली मारकर भाग गया। पुलिस ने नाकाबंदी कर एक घंटे में युवक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की पड़ताल में यह पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला। घायल सेल्समैन एक महिला को बार-बार फोन करता था, जो आरोपी की प्रेमिका है। महिला ने आरोपी को इसके बारे में बताया तो उसने साजिश रची। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना से जुड़ी 3 PHOTOS... प्रेमिका को फोटो भेजकर कराई पहचान एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- आरोपी जगत गुर्जर शनिवार सुबह 11:35 बजे कठूमर से बाइक लेकर अलवर के सदर थाना इलाके में बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर गया और वहां मौजूद सेल्समैन सचिन की फोटो खींचकर अपनी प्रेमिका को भेजी। प्रेमिका के पुष्टि करने के बाद जगत ने सचिन को गोली मार दी और फरार हो गया। गोली सचिन के कंधे में लगी। उसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाके बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने 1 घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक अवैध हथियार और 8 कारतूस बरामद किए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। कठूमर से चोरी की बाइक लेकर पहुंचा अलवर एसपी ने बताया- आरोपी जगत गुर्जर वारदात करने के लिए जिस बाइक से अलवर आया था, वह उसने कठूमर क्षेत्र से चोरी की थी। बाइक चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इसको लेकर कठूमर थाने में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा। एसपी ने बताया- आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ हाथापाई के दौरान आरोपी को कुछ चोटें भी आई, जिनका इलाज कराया गया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं।