अलवर में शहर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पानी का एक कनेक्शन किया गया। कॉलोनी के दूसरे लोग इस कनेक्शन का विरोध कर रहे थे। जिसके चलते एक साल से काम रुका हुआ था। अब कलेक्टर के आदेश के बाद काम पूरा किया गया। घटना लाल डिग्गी चौराहे पर हरदेव कॉलोनी की मंगलवार की है। पीड़ित परिवार की महिला संध्या शर्मा ने बताया- 1 साल से हमारे घर में पानी नहीं आ रहा था। मई 2025 में जब सड़क बनी, तब हमारी पाइप तोड़ दी गई। जलदाय विभाग के अधिकारियों के पास गए। उन्होंने भी कोई सुनवाई नहीं की। अब पूरा पाइप टूट गया। घर में बिल्कुल पानी आना बंद हो गया। इससे पूरा परिवार परेशान है। नए कनेक्शन को लेकर हुआ विवाद दरअसल, मोहल्ले के लोग चाहते थे कि पीड़ित परिवार के यहां नया कनेक्शन नहीं लगे। पहले से जिस पुरानी लाइन में कनेक्शन है, उसी से पानी सप्लाई हो। लेकिन विभाग नई लाइन से कनेक्शन करने लगा तो आसपास के लोगों ने विरोध किया। लोग बोले- इस घर में अवैध कनेक्शन था इस इलाके में सालभर पहले पानी के अवैध कनेक्शन काटे गए थे। तब से कुछ घरों में आपसी रंजिश है। मोहल्ले के रमेश सिंह ने बताया- मई 2025 में सड़क बनाई गई थी। तब यहां दो बार में 29 अवैध कनेक्शन काटे गए थे। इस घर में भी अवैध कनेक्शन था। अब नेता व प्रशासन के दबाव में कनेक्शन दिया गया है। जेईएन बोले- रोड बनाते वक्त कनेक्शन कट गया था जेईएन मोहन सिंह ने बताया- सत्यनारायण शर्मा के घर का कनेक्शन रोड बनते समय हट गया था। रोड बनने के बाद कनेक्शन जोड़ने का कई बार प्रयास किया। लेकिन यहां दो-तीन लोग बेवहज विरोध करने लग गए। इन लोगों का कहना है कि अब वापस नई सड़क तोड़ी जाएगी। कभी कहते कि पुराना कनेक्शन सही कराओ। इनके विरोध का कारण पूरी तरह समझ नहीं आया। एएसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया- कॉलोनी में पानी के कनेक्शन को लेकर आपस में मनमुटाव था। इस कारण जलदाय विभाग ने जाब्ता मांगा था। यहां कनेक्शन को लेकर विरोध था। पानी का अवैध कनेक्शन काटे जाने पर कुछ लोग एक दूसरे का विरोध कर रहे हैं।