अलवर में मंगलवार देर शाम करीब साढ़े 7 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं, बुधवार को भी बारिश का अलर्ट है। इससे पहले पूरे दिन अलवर में बादल छाए रहे। सुबह और दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, धूप भी निकली। शाम होते-होते मौसम बदल गया। तेज बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं की फसल को नुकसान किसान तिलक राज शर्मा ने बताया- जिले के आसपास के क्षेत्रों में एक दिन पहले भी बारिश हुई थी, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इस समय गेहूं और चना की फसल की कटाई चल रही है। अधिकतर फसल अभी खेतों में ही पड़ी है। ऐसे में बारिश से गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। वहीं कुछ जगहों पर सरसों की कटाई भी जारी है, जिस पर भी बारिश का असर पड़ रहा है।