अलवर में एक निजी कार्यक्रम ‘सिंदूरी शाम’ के आयोजकों पर स्पॉन्सरशिप के नाम पर 5100 रुपए लेने के बाद मारपीट और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। इस संबंध में 60 फीट रोड निवासी वंदना मित्तल ने शिकायत देकर आयोजक वर्षा सक्सेना और हरिओम सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिन्दूरी शाम कार्यक्रम में करवा चौथ से पहले एक निजी प्रोग्राम आयोजित करते हैं उसमें महिलाओं से सिंगिंग डांसिंग के कंपटीशन करते हैं। इसके बाद भाग लेने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम को लेकर आयोजक वर्षा सक्सेना ने फोन कर वंदना और उनके पति हिमांशु मित्तल को कार्यक्रम में आने और स्पॉन्सरशिप देने के लिए कहा था। पीड़िता वंदना मित्तल ने कोतवाली थाने रिपोर्ट देकर बताया- 25 अक्टूबर को वर्षा सक्सेना ने उसे कई बार मना करने के बाद भी स्पॉन्सरशिप के लिए राजी कर लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्पॉन्सरशिप के नाम पर पहले उनसे ऑनलाइन 5100 रुपए लिए गए। इसके बाद कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजक हरिओम सिंह ने उनके पति को तय सीट से हटा दिया। करीब 20 मिनट इंतजार करने के बाद भी उन्हें सीट नहीं दी गई। हाथापाई और धक्का-मुक्की की गई- पीड़िता वंदना के अनुसार, जब उन्होंने वहां से जाने और पैसे वापस मांगने की बात कही तो उनके साथ धक्का-मुक्की की। आरोप है कि इसके बाद आयोजक हरिओम सिंह ने बाउंसर्स के जरिए उसके पति के साथ हाथापाई कर धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता को भी महिला बाउंसर्स ने बाहर निकाल दिया। वंदना ने बताया कि बाद में पैसे वापस मांगने के लिए हरिओम सिंह को फोन किया तो उसने नयाबास स्थित अपने कार्यालय में पैसे देने की बात कही। इस घटना से वह डर गईं। उन्होंने शिकायत में 5100 रुपए वापस दिलाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वंदना थाने में भी रोते हुए कहा कि आयोजकों ने सब लोगों के सामने बेइज्जती की है, इन लोगों पर कार्यवाई होनी चाहिए।