अलवर में दिनदहाड़े चोरों ने सूने मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी की वारदात तो अंजाम दिया। चोर चैनल गेट के ताले तोड़कर घर के अंदर घुसे, फिर घर के अंदर अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 25 तोला सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र में गोपाल टॉकीज के सामने स्थित व्यास सदन की है, जहां मंगलवार को सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आसपास लगने सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। पहले देखिए, चोरी की 2 PHOTO'S दोनों बहनों का रखा हुआ था जेवर समेत कीमती सामान मकान मालिक रोहित व्यास ने बताया कि यह उनका पुश्तैनी मकान है। पहले यहां उनकी दोनों बहनें रहती थीं। बड़ी बहन बबीता व्यास, जो सरकारी शिक्षिका हैं, अब अजबपुरा में रहने लगी हैं। जबकि दूसरी बहन सुनीता ने करीब दो वर्ष पहले कालाकुआं स्थित मानसरोवर क्षेत्र में नया मकान बना लिया और वहीं शिफ्ट हो गईं। हालांकि, दोनों बहनों के सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान इसी मकान की अलमारियों में रखे हुए थे। वह खुद अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब 10 वर्षों से शिवाजी पार्क में रह रहे हैं। चैनल गेट और मकान के अंदर के दरवाजे टूटे मिले रोहित व्यास ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपनी पत्नी के साथ मकान के सामने से गुजर रहे थे। तभी उनकी पत्नी की नजर मकान के खुले गेट पर पड़ी। शक होने पर दोनों अंदर पहुंचे तो देखा कि चैनल गेट और अंदर के कई दरवाजे टूटे पड़े थे। अलमारियों के ताले भी तोड़े हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब 25 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी सहित अन्य कीमती सामान गायब है। इसके बाद उन्होंने दोनों बहनों और कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।