अलवर शहर में अवैध रूप से संचालित कोचिंग्स को सील करने के 8 दिन बाद दोबारा खोल दिया गया। अलवर यूआईटी ने सूर्य नगर स्थित 'सक्सेस कोचिंग व स्कूल' और दूसरी जीनियस एकेडमी के भवन की सील गुरुवार को खोल दी। सक्सेस कोचिंग के भवन मालिक ने 6 लाख 25 हजार रुपए जमा कराए हैं। अभी 6 अन्य कोचिंग पर सील है, उन्हें भी राशि जमा कराने के नोटिस जारी किए हैं। गौरतलब है कि 24 जून को अलवर नगर निगम और यूआईटी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 17 कोचिंग और लाइब्रेरी को सील किया था। कोचिंग सेंटर्स पर कार्रवाई को लेकर नगर निगम और यूआईटी के नियमों में बड़ा अंतर देखने को मिला था। इससे कोचिंग संचालकों में असमंजस की स्थिति बनी है। वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के हस्तक्षेप और आदेश के बाद नगर निगम ने राहत देते हुए महज 10 रुपए प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से जुर्माना वसूल कर सभी सील भवनों को तुरंत खोल दिया। वहीं यूआईटी ने बिना मंजूरी के कोचिंग चलाने वाले भवन मालिकों को 300 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से जुर्माना राशि जमा कराने के नोटिस थमाए हैं। 60 दिन में नियम पूरे नहीं किए तो राशि होगी जब्त यूआईटी सचिव स्नेहल ने बताया- नियमानुसार ही सील करने की कार्रवाई की गई थी और अब नियमों के तहत ही सील खोली जा रही है। उन्होंने राशि की वापसी और जब्ती को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। यदि भवन मालिक निर्धारित अवधि के भीतर अवैध भू-उपयोग बंद कर देता है, अवैध निर्माण हटा लेता है। पार्किंग की कमी को पूरा कर देता है तो जमा राशि में से 10 प्रतिशत प्रशासनिक शुल्क काटकर शेष राशि रिफंड कर दी जाएगी। हजारों छात्रों की पढ़ाई ठप, मामला सरकार तक पहुंचा अलवर जिले में 24 जून से शुरू हुई सील कार्रवाई के कारण कोचिंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कोचिंग में हजारों स्टूडेंट्स की पढ़ाई कई दिनों से बंद है, जिससे उनका भविष्य दांव पर लगा हुआ है। कोचिंग संचालक यूआईटी के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। अब मामला सरकार तक पहुंच गया है। इसके बावजूद अभी कोई समाधान नहीं हो सका है।