अलवर में रेलवे स्टेशन पर 5 दिन पहले TC अरविंद चौधरी के नशे में मिलने के बाद सैंपल और जांच रिपोर्ट लैब भेजने के लिए अस्पताल से अब लिए गए। अलवर रेलवे जंक्शन पर 30 अप्रैल की रात चंडीगढ़ से अजमेर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की एक यात्री की तबीयत खराब होने पर समय पर इलाज की व्यवस्था नहीं हो पाई थी। इससे यह वंदे भारत ट्रेन 37 मिनट देरी से रवाना हुई थी। रेलवे पुलिस (आरपीएफ) ने जिला अस्पताल से TC का ब्लड सैंपल और जांच रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त की। अब आरपीएफ इसे लिखित शिकायत के साथ जीआरपी को सौंपेगी। इसके बाद जीआरपी सैंपल को जयपुर फोरेंसिक लैब भेजेगी। फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि TC शराब के नशे में था या नहीं। दरअसल, जांच रिपोर्ट और सैंपल 5 दिन से जिला अस्पताल में रखे हुए थे। सीएमआई शिवदयाल, आरपीएफ और जीआरपी के बीच यह तय नहीं हो पा रहा था कि रिपोर्ट और सैंपल कौन लेकर जाएगा और जयपुर कौन पहुंचाएगा। इसी कारण यह मामला अटका रहा। मेडिकल कराने के बाद 5 दिन से जयपुर नहीं भेजे सैंपल मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. पी.सी. सैनी के अनुसार- जिस दिन TC अरविंद चौधरी का मेडिकल कराया गया। उस दिन भी जीआरपी को बुलाने की बात कही गई थी, लेकिन बिना शिकायत के ही सैंपल लिया गया, ताकि सबूत सुरक्षित रह सकें। यदि सैंपल समय पर जयपुर नहीं पहुंचा तो उसकी गुणवत्ता खराब हो सकती है और सबूत प्रभावित हो सकते हैं। वहीं जीआरपी के ASI सत्येंद्र ने बताया- सीएमआई शिवदयाल और आरपीएफ को हमें उसी दिन सूचित करना था, जिससे उसी दिन हम डॉक्टर्स को तहरीर दे पाते, लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया। इसकी वजह से इस मामले में देरी हुई। अब आरपीएफ ने सैंपल और रिपोर्ट ले ली है और लिखित में सौंपने के बाद इसे जांच के लिए जयपुर भेजा जाएगा। मामले में डॉक्टरों ने कहा था कि बिना सैंपल के रिपोर्ट नहीं दी जाएगी और सैंपल जीआरपी के जरिए ही फोरेंसिक भेजना होगा। महिला यात्री को पड़ा था मिर्गी का दौरा, इलाज की नहीं हुई व्यवस्था जानकारी के अनुसार- 30 अप्रैल की रात चंडीगढ़ से अजमेर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में जयपुर की महिला यात्री (25) को मिर्गी का दौरा पड़ा था। आरोप है कि स्टेशन पर मौजूद टीसी अरविंद चौधरी शराब के नशे में था। इस कारण समय पर यात्री के इलाज की व्यवस्था नहीं हो सकी। वहीं ट्रेन को देरी का सामना करना पड़ा। अलवर रेलवे जंक्शन पर वंदे भारत ट्रेन 37 मिनट देरी से रवाना हुई थी। अब फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। यह खबर भी पढ़ें... वंदे भारत में यात्री को मिर्गी का दौरा पड़ा:बोली- महिला कर्मचारी के आने पर ही ट्रेन से उतरूंगी; स्टेशन पर नशे में धुत्त मिला TC चंडीगढ़ से अजमेर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में 30 अप्रैल की रात मिर्गी का दौरा पड़ने से एक महिला की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद रेलवे की एक गंभीर लापरवाही सामने आई थी। ट्रेन स्टाफ ने अलवर पहुंचने से पहले ही महिला की तबीयत को लेकर जयपुर और अलवर स्टेशन पर सूचना दी थी। इसके बावजूद कोई इंतजाम नहीं किया गया था। (पूरी खबर पढ़ें)