अलवर-बहरोड़ रोड पर ततारपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात शराब के नशे में झझारपुर और जीवनसिंहपुरा गांव के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी झड़प में एक महिला और युवती सहित दोनों पक्षों के करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला पक्ष: शराब पीते समय हुआ विवाद झझारपुर निवासी नेहा राजपूत ने बताया कि उसका भाई प्रदीप राजपूत, जीवनसिंहपुरा निवासी ईश्वर सिंह व अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख जब प्रदीप के परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रदीप, उसके पिता अंगद सिंह, मां सुशीला देवी और बहन नेहा घायल हो गए। दूसरा पक्ष: 'रोज-रोज की गाली-गलौज से थे परेशान वहीं, दूसरे पक्ष के ईश्वर सिंह का आरोप है कि प्रदीप राजपूत अक्सर शराब के नशे में उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करता था और तेज हॉर्न बजाकर परेशान करता था। विरोध करने पर वह धमकी देता था। गुरुवार रात प्रदीप और उसके साथियों ने रंजिश के चलते उनके घर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में ईश्वर सिंह और उसका भाई अलवर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ततारपुर थाना पुलिस का कहना है कि झझारपुर और जीवनसिंहपुरा गांव के दो पक्षों में शराब के नशे में मारपीट की सूचना मिली थी। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।