दो गांव के दो पक्षों के बीच गुरुवार रात जमकर झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिला और युवती समेत 6 लोग घायल हो गए। मामला अलवर-बहरोड़ रोड पर ततारपुर थाना क्षेत्र का है। शराब पीने के दौरान झगड़ा, लाठी-डंडे मारे झझारपुर निवासी नेहा राजपूत ने बताया कि उसका भाई प्रदीप राजपूत, जीवनसिंहपुरा निवासी ईश्वर सिंह व अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख जब प्रदीप के परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रदीप, उसके पिता अंगद सिंह, मां सुशीला देवी और बहन नेहा घायल हो गए। रोज-रोज की गाली-गलौज से थे परेशान दूसरे पक्ष के ईश्वर सिंह का आरोप है कि प्रदीप राजपूत अक्सर शराब के नशे में उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करता था और तेज हॉर्न बजाकर परेशान करता था। विरोध करने पर वह धमकी देता था। गुरुवार रात प्रदीप और उसके साथियों ने रंजिश के चलते उनके घर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में ईश्वर सिंह और उसका भाई अलवर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ततारपुर थाना पुलिस का कहना है कि झझारपुर और जीवनसिंहपुरा गांव के दो पक्षों में शराब के नशे में मारपीट की सूचना मिली थी। घायलों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।