अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद में महिला से कहासुनी व मारपीट के मामले में दो पक्षों में लाठी व चाकू से मारपीट हुई। पड़ोसियों ने हमले में दूसरे पक्ष के पिता पुत्र सहित 3 जनों के सिर फोड़ दिए। तीनों अलवर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी पड़ोसी घटना के बाद फरार हो गए। अब पुलिस ढूंढ़ रही है। नौरंगाबाद गांव निवासी घायल हारुन खान ने बताया कि उसकी पुत्रवधू गांव में रात करीब 10 बजे बाहर पेशाब के लिए गई थी। तब पड़ोस के समसू, जमशेद सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पता चलने पर परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में हारुन खान, उसका पुत्र खालिद और साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि करीब दो साल पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसमें महिला से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। उस समय भी मामला आपसी रंजिश में बदल गया था। अलवरपीड़ित पक्ष का कहना है कि पुराने विवाद के चलते ही आरोपियों ने फिर से इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घायलों का उपचार जारी है।