अलवर जिले में पिछले तीन दिनों से उमसभरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार सुबह से तेज धूप निकलने और दिनभर हवा नहीं चलने के कारण लोग पसीने से तरबतर नजर आ रहे हैं। बीच-बीच में हल्के बादल जरूर छा रहे हैं, लेकिन इससे गर्मी और उमस में कोई खास राहत नहीं मिल रही। जमीन में नमी होने के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे उमस और अधिक महसूस हो रही है। सोमवार सुबह भी जिले में तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह से ही गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 13 से 15 जुलाई तक जिले में मौसम सामान्य रहने तथा बीच-बीच में हल्के बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। हालांकि 16 से 18 जुलाई के बीच मौसम में बदलाव के संकेत हैं। विभाग ने तेज हवाओं, बिजली की गर्जना और बारिश की संभावना जताई है। यदि यह पूर्वानुमान सही रहा तो लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, मानसून की एंट्री के 11वें दिन भी जिले में अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी है। बीच-बीच में एक-दो दिन अच्छी बारिश जरूर हुई, लेकिन कई सूखे बांध अब भी पर्याप्त पानी का इंतजार कर रहे हैं। रूपारेल नदी में इस बारिश से पानी की आवक हुई है, लेकिन पानी अभी जयसमंद बांध तक नहीं पहुंच पाया है। जिले के कई बांधों को अभी भी अच्छी बरसात का इंतजार है और आमजन भी बारिश के साथ गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।