अलवर में बुधवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिलेभर में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में रिमझिम से मध्यम बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है। अलवर शहर के बुद्धविहार क्षेत्र में सुबह से लगातार हल्की बारिश हो रही है। वहीं अरावली की पहाड़ियों पर बादलों की चादर छा गई है और कई स्थानों पर बादल पहाड़ियों के नीचे तक उतर आए हैं, जिससे मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। मौसम खुशनुमा होने से लोग भी खुले वातावरण का आनंद लेते नजर आए। मंगलवार को हुई थी तेज बारिश मंगलवार को भी जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी। सिलीसेढ़ और राजगढ़ क्षेत्र में तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया था। जलभराव के चलते कुछ कारें बीच रास्ते में बंद हो गईं, जिन्हें लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला। आज भी अच्छी बारिश की संभावना भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार को जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 30 और 31 जुलाई को भी आंशिक बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक होने की संभावना है। वहीं 1 से 3 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं। 2 और 3 अगस्त के लिए आकाशीय बिजली के साथ गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया गया है।