भीलवाड़ा शहर की चपरासी कॉलोनी में एक युवक को फोन कर घर के बाहर बुलाया गया। जैसे ही वह बाहर आया, पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिचित ने बुलाया, पांच लोगों पर हमला करने का आरोप घटना प्रताप नगर थाना क्षेत्र की है। चपरासी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अभिषेक पुत्र श्यामलाल सेन ने बताया कि उसके परिचित मुकेश ने उसे फोन कर घर के बाहर बुलाया था। बाहर निकलते ही वहां पहले से मौजूद घीसू लाल सेन, करण सेन, लीला सेन और घीसू की पत्नी गौरी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उस पर चाकू से भी ताबड़तोड़ हमला किया गया। पड़ोसी और दोस्त पहुंचे तो भागे हमलावर हमले के दौरान अभिषेक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी और उसके दोस्त मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख सभी हमलावर वहां से भाग निकले। इसके बाद घायल अभिषेक को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। तीन साल पुरानी रंजिश घायल अभिषेक ने बताया - आरोपियों से करीब तीन साल पहले किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। तभी से वे उससे रंजिश रखते हैं। उसका कहना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उसे घर के बाहर बुलाकर मारपीट की गई और चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश वारदात की सूचना मिलने पर प्रताप नगर थाना पुलिस महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।