अलवर में मौसम में बदलाव के साथ सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रविवार देर रात से चल रही हल्की ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के अलवर केंद्र के 26 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार- अगले कुछ दिनों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से घटकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है। 29-30 अक्टूबर को बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को अलवर में मौसम बदलने का अनुमान जताया है। दोनों दिन मेघगर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 28 अक्टूबर तक साफ रहेगा मौसम सोमवार 26 अक्टूबर को अलवर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मंगलवार 27 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 19 डिग्री रह सकता है। वहीं, 28 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन तीनों दिनों में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, देर रात और सुबह चलने वाली ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बनी रह सकती है। दिन के साथ रात के तापमान में भी आएगी गिरावट आने वाले दिनों में तापमान में होने वाली गिरावट से सुबह, शाम और रात के समय सर्दी का असर बढ़ सकता है। खासकर 29 अक्टूबर के बाद मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना के चलते ठंडक बढ़ने का अनुमान है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम का यह बदलाव दिन की गर्मी से राहत देने के साथ रातों को अधिक ठंडा बना सकता है।