अलवर के मौसम में लगातार बदलाव नजर आ रहा है। दिन में गर्मी तो रात में ठंड का असर है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को जिले में गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। फसलों की बुवाई पर मौसम का असर साथ ही बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम में इस बदलाव का असर रबी की फसलों की बुवाई की तैयारी में जुटे किसानों के लिए अहम हो सकता है। जिले में रबी की फसल की बुवाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में हल्की बारिश और नमी फसलों के लिए फायदेमंद रहेगी। रात के तापमान में आएगी और गिरावट मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर को अलवर में न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 28 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ सकता है। दिन के तापमान में भी कमी रहने से दोपहर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।