अलवर के सदर थाना क्षेत्र में महुआ रेलवे ट्रैक पर 36 साल के राजेश शर्मा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सूर्य नगर स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा पुत्र सत्यनारायण शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राजेश बुधवार सुबह 7 बजे घर से 'आंखों के डॉक्टर' के पास जाने की बात कहकर निकला था। जब वह दिनभर घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। 12 घंटे बाद रात करीब 8 बजे पुलिस ने परिजनों को रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर परिवार ने शव की पहचान की। मृतक के भतीजे हिमांशु ने बताया कि राजेश राज सोलवेक्स फैक्ट्री में आरओ प्लांट ऑपरेटर थे। उनके पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चे (9वीं में पढ़ने वाली बेटी और पहली कक्षा में पढ़ने वाला बेटा) रह गए हैं। गुरुवार सुबह पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र और परिवार में शोक की लहर है।