बांसवाड़ा की आंबापुरा थाना पुलिस ने गेहूं चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद हुआ है। कार्रवाई एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में गठित टीम ने की। ​पुलिस के अनुसार- बोरिया निवासी प्रकाश पुत्र धुलिया पटेल ने 17 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि 14 मार्च की रात को उसके घर के बाहर गेहूं से भरे 17 कट्टे रखे थे। सुबह उठकर देखा तो उनमें से 7 कट्टे गायब थे। चोरी गए गेहूं का वजन करीब 5 क्विंटल था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साथियों के साथ मिलकर की थी चोरी ​​थानाधिकारी निर्भयसिंह राणावत के नेतृत्व में टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान शिवा पुत्र रूपलाल कटारा(21) निवासी सेमलपाड़ा और उसके साथी नरेंग कटारा के नाम सामने आए। पुलिस ने शनिवार को शिवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी शिवा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए गेहूं के तीन कट्टे बरामद कर लिए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में दूसरे आरोपी नरेंग की तलाश जारी है। पुलिस की टीम में थानाधिकारी निर्भयसिंह, एएसआई पारचन्द, कॉन्स्टेबल भागचन्द, ड्राइवर कमलसिंह और हर्षराजसिंह मौजूद रहे।