अलवर में दुकान की जमीन को लेकर हुए विवाद में थानागाजी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन को उनके रिश्तेदार ने थप्पड़ जड़ दिया। घटना 9 जुलाई की है। इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। दरअसल, पूर्व चेयरमैन चौथमल सैनी ने यह जमीन अपने रिश्तेदार (बुआ के जेठ) से खरीदी थी। इसके स्वामित्व को लेकर उनका बुआ के जेठ के बेटे राजेंद्र से विवाद चल रहा था। सरेआम हुई मारपीट के बावजूद थानागाजी पुलिस ने पीड़ित पूर्व चेयरमैन की शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया। उल्टा कार्रवाई के नाम पर पुलिस ने पूर्व चेयरमैन को ही पाबंद कर दिया। पहले देखिए, मामले से जुड़ी 2 PHOTOS… आरोपी के पिता से खरीदी थी जमीन थानागाजी के वार्ड नंबर 12 निवासी चौथमल सैनी ने बताया कि 2017 में राजेंद्र के पिता सूरजमल से नारायणपुर में एक दुकान की जमीन खरीदी थी। 2018 में सूरजमल की मौत हो गई। राजेंद्र ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया। 9 जुलाई को जब चौथमल सैनी और परिजनों को इस बात की भनक लगी तो दुकान पर पहुंचे और काम शुरू कराया। इसी दौरान राजेंद्र भी वहां आ धमका और काम रुकवा दिया। दोनों के बीच बहस हुई और तैश में आकर राजेंद्र ने चौथमल को थप्पड़ जड़ दिया। पूर्व चेयरमैन का आरोप- राजेंद्र पर पहले से दर्ज हैं कई केस पूर्व चेयरमैन चौथमल सैनी ने आरोप लगाया कि राजेंद्र नारायणपुर में फर्जी डॉक्टर के रूप में काम करता था। करीब 8 महीने पहले इलाज में लापरवाही से एक महिला की मौत के मामले में उस पर केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा उस पर रेप और अवैध रूप से जमीनों पर कब्जे करने के भी कई मामले दर्ज हैं। आपराधिक प्रवृत्ति का होने के कारण उसका परिवार भी उसके साथ नहीं है। शिकायत के बाद भी केस दर्ज नहीं किया चौथमल सैनी वार्ड 16 के निवर्तमान पार्षद हैं। उनकी पुत्रवधु भी वार्ड 12 से पार्षद रही हैं। चौथमल सैनी का कहना है कि मैंने घटना वाले दिन ही थाने में लिखित शिकायत दे दी थी। इसके बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस का तर्क: शांति भंग न हो, इसलिए किया पाबंद मामले में ASI मुरलीधर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से परिवाद आए थे। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कोई बड़ा झगड़ा न हो, इसलिए एहतियातन दोनों पक्षों को पाबंद कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज करने का अंतिम फैसला थाना प्रभारी (SHO) के स्तर पर होता है।