पाली शहर के अम्बेडकर सर्किल पर शुक्रवार शाम को भाजपा किसान मोर्चा पाली के सोशल मीडिया विभाग के जिला संयोजक अजय चौहान हाथ में तख्ती लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी के खिलाफ धरने पर बैठ गए। वे शाम करीब पांच बजे धरने पर बैठे जो रात करीब 10 बजे आश्वासन के बाद उठे। पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व पार्षद किशोर सोमनानी, नरेश मेहता आदि ने उनसे समझाइश की तब वे धरने से उठे। वही इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष का कहना है कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। धरने पर बैठे अजय चौहान ने बताया कि 15 अप्रेल को वे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के घर समाज के कुछ लोगों के साथ गए थे। जहां उन्होंने राकेश पंवार को भाजपा एससी मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर आभार जताया था। वहां उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी मिले। जिन्होंने उसके साथ गलत व्यवहार किया। आरोप है कि अपशब्द कहे और धमकाया। इससे आहत होकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वे शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अम्बेडकर सर्किल पर धरने पर बैठे है। पूर्व विधायक व अन्य भाजपा पदाधिकारियों की समझाइश के बाद रात करीब 10 बजे धरने से उठे। उनका कहना है कि इस संबंध में सरगरा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को लेटर लिखकर शिकायत की हैं। गत दिनों पाली जिला प्रभारी मंत्री को लेकर शेयर की थी पोस्ट बता दे कि अजय चौहान ने 9 अप्रेल को सोशल मीडिया पर पाली जिला प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा को लेकर गत दिनों एक पोस्ट शेयर की थी। जिसमें लिखा था कि- हमारे प्रभारी महोदय की क्या टाइमिंग है। शाम को आते है और सुबह चले जाते है। फिर आमजन, कार्यकर्ताओं की सुनवाई का क्या होगा?, एक बैनर भी था जिस पर लिखा था कि विश्राम स्थल समझ रखा है।