जैसलमेर और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिन से जारी बारिश का दौर अब थम गया है। रविवार को मोहनगढ़ क्षेत्र में करीब एक घंटे तेज बारिश हुई, जबकि जैसलमेर शहर और अन्य ग्रामीण इलाकों में दिनभर धूप और शाम को बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है और अगले चार दिन तक बारिश की संभावना नहीं है। इसके बाद मानसून दोबारा सक्रिय होने के आसार हैं। मोहनगढ़ में एक घंटे तेज बारिश, तापमान में आई गिरावट रविवार सुबह मोहनगढ़ में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और शाम को करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। बारिश के दौरान तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 32 डिग्री तक पहुंच गया। बारिश थमने के बाद अधिकतम तापमान फिर बढ़कर 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चार दिन तक बारिश के आसार नहीं, बढ़ेगी उमस मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून का सिस्टम फिलहाल कमजोर हो गया है। अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। इससे गर्मी और उमस फिर बढ़ सकती है। हालांकि इसके बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने और बारिश लौटने की उम्मीद जताई गई है। खेती पर दिखने लगा असर, किसानों की बढ़ी चिंता बारिश के असमान वितरण का असर सीमावर्ती इलाकों की खेती पर भी दिखने लगा है। जिन क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, वहां किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी है और अब फसल बढ़ने का इंतजार है। वहीं जिले के कई हिस्सों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है, जिससे किसान अगली बारिश का इंतजार कर रहे हैं।