झालावाड़ में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को मनाई गई। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन डीओआईटी के वीसी कक्ष में किया गया, जिसका सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक समता, समान अवसर और मानवाधिकारों के सशक्त प्रतीक भी थे। वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके अद्वितीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि डॉ. अम्बेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के महत्व को समझा और उसे समाज में स्थापित किया। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम से कठिनाइयों के बावजूद महान उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। कालीसिंध तापीय विद्युत परियोजना में भी आयोजन
कालीसिंध तापीय विद्युत परियोजना के प्रशासनिक भवन के सभागार कक्ष में जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह कार्यक्रम सभी की सहभागिता से सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अभियंता डी.के. मित्तल ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सभी को बाबा साहेब भीमराव के विचारों को अपने जीवन में उतारने के प्रयास करने की बहुत जरूरत है। उन्होंने सभी से अपने प्रत्येक कार्यछेत्र में कठिन परिश्रम, दृढ़ निश्चय और लगन से काम करते हुए अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा और समर्पण से अपने समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद फूल सिंह गुर्जर ने कहा कि हमें आज जो कुछ भी बहुत आसानी से उपलब्ध है वो सब बाबा साहब के संघर्ष के कारण मिला है। कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर शामिल वेद प्रकाश मीणा प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय झालावाड़ ने बताया बाबा साहेब ने सभी वर्गों के लिए संघर्ष किया था। लेकिन उन्हें एक समाज के नेता के तौर पर देखना उनकी विलक्षण प्रतिमा के साथ अन्नाय करना जैसा है। अतिथि डॉक्टर मुकेश छड़किया ने चरित्रवान और सामाजिक रहते हुए देश और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहना चाहिए! कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्य अभियंता आर आर मीणा ने कहा कि विचारों को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। अधीक्षण अभियंता ईरा राम चौधरी ने संबोधित करते हुए बताया कि बाबा साहेब सम्पूर्ण मानव जाति के उद्धारक हैं। परियोजना प्रभावित गांव उड़ल की बालिका कुमारी मोनिका ने अपने द्वारा बनाई गई बाबा साहेब की चित्र को मुख्य अभियंता को भेंट की। कल्ला मीना और हंसराज मीणा ने मीना समाज की भाषा में बाबा साहेब के जीवन के ऊपर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कुमारी डिम्पल गोयल और निशा मीणा ने किया। भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई
असनावर मण्डल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न एवं संविधान के निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई। कांग्रेस सेवादल यंग बिग्रेड जिलाध्यक्ष नईम पठान उर्फ लक्की ने बताया कि असनावर कस्बे में उनके स्वनिवास पर असनावर कांग्रेस मंडल के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं पुष्प अर्पित कर अम्बेडकर जी अमर रहे के नारे लगाए वहीं असनावर मण्डल अध्यक्ष बद्रीलाल पाटीदार ने अम्बेडकर की जीवनी पर प्रकाश डाला।
जिला कांग्रेस ने भी किया आयोजन
झालावाड़ जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर भारत रत्न और संविधान निर्माण डॉ. भीमराव अम्बेडकर बाबा साहब की 135वीं जयन्ती पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुराज सिंह हाड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की। गोष्ठी में पूर्व अध्यक्ष रघुराज सिंह हाड़ा ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर को समानता और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्द सिंह राठौड़ ने कहा कि बाबा साहब ने श्रमिकों को राहत देने के लिए कानून बनाये इन्होंने हमेशा शिक्षा पर जोर दिया और कहा कि शिक्षा से ही विकास संभव है। गोष्ठी में कांग्रेस नेता ओम पाठक, नफीस शेख, भगवती प्रकाश, मंजीत सिंह कुशवाह, दीपू पाटीदार, लालचन्द रेगर, सत्यनारायण सुमन, कल्लू खां सहित कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहब की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
खटीक समाज ने भी मनाई जयंती
क्षत्रिय खटिक समाज झालावाड़ के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई। खेल संकुल से भव्य रैली के रूप में हुई, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली जब जवाहर कॉलोनी पहुंची, तो खटिक समाज के सभी बंधुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर देवकीनंदन वर्मा, गिरिराज भलवारा समेत गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शोभायात्रा में स्वागत कर की जल सेवा
जिला विकलांग संघ, झालावाड़ की ओर से एक सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने सब्जी मंडी गेट के सामने आयोजित रैली में शामिल सभी भीम सेना एवं समाज बंधुओं का फूलों से स्वागत किया तथा सभी को पानी पिलाकर सेवा कार्य किया। कार्यक्रम में जिला विकलांग संघ के जिला अध्यक्ष राम प्रकाश भील, पुरुषोत्तम मीणा, सवारियां भील, नहीम भाई, कंहीराम माली, आकाश कारपेंटर, अनिल कुमार, दिवान भील, नन्दलाल सुमन, बजरंग गुर्जर, शबाना बेगम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।