डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान की शपथ दिलाई। सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने का आह्वान किया जिला कलेक्टर ने सभी से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने का आह्वान किया। समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय ने भीमराव अंबेडकर के विचारों और सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, एसीईओ गौतम चौधरी, उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी, तहसीलदार विशन सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे। वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से बात की समारोह के बाद, जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अनुदानित वृद्धाश्रम का अवलोकन किया। उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें अल्पाहार वितरित किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर भी प्रकाश डाला। समाज कल्याण अधिकारी करणी सिंह नाथावत सहित अन्य अधिकारी इस दौरान उपस्थित थे।