डूंगरपुर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इसी अवसर पर शेड्यूल एरिया संघर्ष समिति ने कलेक्ट्रेट पर अपने धरने के 13 साल पूरे होने पर शहर में एक रैली निकाली। समिति ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समिति के आह्वान पर आदिवासी समुदाय के लोग अपनी मांगों को लेकर डाइट परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद समिति के प्रदेश अध्यक्ष शंकरलाल कटारा के नेतृत्व में रैली डाइट परिसर से शुरू होकर एसबीपी कॉलेज, शास्त्री कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, तहसील चौराहा, सर्किट हाउस और पंचायत समिति होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। आदिवासियों ने किया प्रदर्शन कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर आदिवासियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शंकरलाल कटारा ने बताया कि टीएसपी क्षेत्र में जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण की मांग को लेकर वर्ष 2013 से कलेक्ट्रेट पर लगातार धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शासन और प्रशासन को ज्ञापन दिए गए, लेकिन सरकार की ओर से कोई समाधान नहीं निकाला गया। शेड्यूल एरिया संघर्ष समिति ने कलेक्टर को राष्ट्रपति, राज्यपाल और एसटी आयोग के अध्यक्ष के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टीएसपी क्षेत्र में जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण देने, पेसा एक्ट के तहत ग्राम सभाओं का गठन करने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की गई है। विप्र फाउंडेशन ने भी मनाई अंबेडकर जयंती इस अवसर पर एबीवीपी और विप्र फाउंडेशन सहित कई अन्य संगठनों ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष ललित उपाध्याय, भारत भूषण पंड्या, दर्शन दवे समेत कई विप्र समाजजनों ने कलेक्ट्री के सामने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। वही बाबा साहब के कार्यों को याद किया गया। इधर एबीवीपी की ओर से भी दीप प्रज्ज्वलन कर माल्यार्पण किया गया।