भास्कर संवाददाता | चूरू विप्र समाज के विद्यार्थियों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शहर में आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। मनोरंजन क्लब के पास स्थित मिश्र स्मृति भवन में बनने वाली लाइब्रेरी को लेकर समाज की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। लाइब्रेरी के लिए ट्रस्टियों ने मिश्र स्मृति भवन का हॉल निशुल्क उपलब्ध करवाया है। वहीं समाज के समर्थ लोगों ने आगे आकर व्यवस्थाओं के लिए 11 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग भी दिया है। इस डिजिटल लाइब्रेरी की सभी कागजी व भौतिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सितंबर में 51 बच्चों के साथ इसे शुरू करना प्रस्तावित है। ई-लाइब्रेरी के सुचारु संचालन व प्रबंधन के लिए दो मंडल बनाए गए हैं। संरक्षक मंडल में 21 सदस्यों और संचालक मंडल में 15 सदस्यों को शामिल किया गया है। पूरी कार्रवाई और सुचारु संचालन के लिए संचालक मंडल के सदस्य वैद्य बनवारीलाल शर्मा व योगेश गौड़ को अधिकृत किया गया है। संचालक मंडल सदस्य योगेश गौड़ का कहना है कि ई-लाइब्रेरी की स्थापना के बाद समाज के बच्चों को न केवल तकनीकी व डिजिटल शिक्षा मिलेगी, बल्कि इसके जरिए उनका अन्य बच्चों के साथ आपसी सद्भाव भी बढ़ेगा। वहीं वैद्य बनवारीलाल शर्मा का कहना है कि ई-लाइब्रेरी से युवा सभी प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ खुद को तकनीकी रूप से मजबूत कर पाएंगे। आज के युग में डिजिटल पर फोकस करना जरूरी है, जिसमें यह लाइब्रेरी उपयोगी साबित होगी। निशुल्क हॉल व स्थान- लाइब्रेरी की स्थापना मनोरंजन क्लब के पास मिश्र स्मृति भवन परिसर के हॉल में होगी, जिसे ट्रस्टियों ने निशुल्क दिया है। दानदाताओं से मिले 11 लाख रुपए के सहयोग से कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी, ई-बुक्स और अन्य आवश्यक संसाधन जुटाए जाएंगे। ई-लाइब्रेरी के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर और होनहार छात्रों को शहर में ही डिजिटल पढ़ाई की बेहतरीन सुविधा मिलेगी।