बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में जमीन के मामूली विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 4 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद सभी आरोपी घरों पर ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे। जमीन के विवाद में परिवार पर हमला पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे बावड़ी गांव में सानूर और आरोपी पक्ष के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपी एकजुट होकर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने सानूर और उसके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया, जिससे सानूर सहित परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुरी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल, बांसवाड़ा रेफर किया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल सोहन (58) पुत्र कपुरा, पटेल भील निवासी बावड़ी की 10 जुलाई को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आरोपी गिरफ्तारी के डर से घरों पर ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए। मुखबिर और तकनीकी मदद से 9 आरोपी पकड़े हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उनके रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई। आखिरकार मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी सहायता की मदद से पुलिस ने सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बावड़ी गांव निवासी शंकरलाल (61), पप्पू, गोविंद, महेश, कान्तिलाल, मणी (30), मोगी (60), रेखा (33) और कोकिला (26) शामिल हैं।