बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना इलाके में पुलिस ने शराब से भरी एक क्रूजर जीप को जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही ड्राइवर जीप को छोड़ मौके से फरार हो गया। ​थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि उदयपुर रेंज आईजी और बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी के निर्देशानुसार तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि डाण्डव नदी के किनारे एक संदिग्ध क्रूजर जीप खड़ी है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर देखा तो वहा गुजरात पासिंग नंबर की जीप खड़ी मिली। आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर वाहन चालक का कोई सुराग नहीं लगा। ​तलाशी में मिलीं 16 पेटियां, राजस्थान में बिक्री के लिए थी शराब ​पुलिस ने जब जीप की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसमें 13 कार्टून किंगफिशर बियर (कुल 312 केन) व 3 कार्टून देसी प्रिंस मदिरा (कुल 144 पव्वे) बरामद किए गए। ​बरामद की गई शराब पर 'सेल फॉर राजस्थान' अंकित है। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ​टीम का गठन, चालक की तलाश जारी ​इस मामले की जांच एएसआई कल्याण सिंह को सौंपी गई है। फरार अज्ञात चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। इस कार्रवाई में आनंदपुरी थाने के हेड कॉन्स्टेबल पुष्पराज सिंह, कॉन्स्टेबल नोमिल सिंह और गुणवीर सिंह शामिल रहे।