भास्कर न्यूज | छीपाबड़ौद कस्बे में स्थित प्रेमसिंह सिंघवी राजकीय कॉलेज में नियमित प्राचार्य की नियुक्ति नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों ने बुधवार को कॉलेज का प्रवेश द्वार बंद कर प्रदर्शन कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्या​​र्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द प्राचार्य की नियुक्ति की मांग की। छात्र नेता दीपक गुर्जर ने बताया कि हाल ही में जारी स्थानांतरण सूची में कॉलेज के नोडल प्राचार्य का भी तबादला हो गया। इसके बाद से अब तक किसी अधिकारी को प्राचार्य का कार्यभार नहीं सौंपा गया है। इसका असर कॉलेज की प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। प्राचार्य के अभाव में टीसी, अध्ययन प्रमाण पत्र, फीस रसीद सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों पर समय पर हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे हैं। जिससे विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी मांग कॉलेज प्रशासन के सामने रखी और चेतावनी दी कि जल्द ही नियमित या कार्यवाहक प्राचार्य की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान योगेश यादव, राहुल गुर्जर, अंकुर मीणा, अमित बैरवा, प्रिंस जाट, नितिन रजक, नवल किशोर, रंजीत गुर्जर, क्रिश भील, बीरम देव बैरवा, रोहित मेघवाल, साक्षी मालव सहित कई विद्यार्थी मौजूद थे।