भास्कर न्यूज| खानपुर जिले में प्रसूताओं की मौत के मामलों में आशा, एएनएम, एलएचवी और सीएचओ को जिम्मेदार ठहराने के विरोध में एएनएम-एलएचवी संघ ने शुक्रवार को खानपुर ब्लॉक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन राजस्थान स्तर पर दिए गए संगठन के आह्वान के तहत हुआ। जिलाध्यक्ष राजुबाला वर्मा और जिला संयोजक मीना कुमारी पारेता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कलेक्टर, सीएमएचओ, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी और सेक्टर अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने संबंधित आदेश और टिप्पणियां वापस लेने की मांग की। सीएचसी खानपुर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी धीरेंद्र गोपाल मिश्रा को भी ज्ञापन दिया गया। हरिगढ़ में संगठन की ओर से सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने जिला अस्पतालों में प्रसूताओं की मृत्यु के लिए फील्ड स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया, जो तथ्यों के विपरीत है। संघ के अनुसार फील्ड कर्मी गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान, ममता कार्ड में प्रविष्टि, पीसीटीएस पंजीकरण और फॉलोअप करते हैं। संघ ने कहा कि अस्पतालों में प्रसव प्रबंधन व्यवस्था और संसाधनों की कमी मौतों का प्रमुख कारण है। मांग नहीं मानी गई तो प्रदेशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।