कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलेज के रोवर अनमोल गोयल का चयन भारत स्काउट एवं गाइड, नई दिल्ली द्वारा आयोजित 'नेशनल लेवल यूथ रथ यात्रा सर्विस कैम्प' के लिए राष्ट्रीय सेवा दल में हुआ है। यह शिविर 14 से 18 जुलाई तक ओडिशा के पुरी स्थित बिष्वाम्बर विद्यापीठ में आयोजित किया जाएगा। अनमोल गोयल पुरी की विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था प्रबंधन में अपना योगदान देंगे। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता का विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक मित्रता को बढ़ावा देना है। पवित्र चार धामों में से एक पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर भारत के पवित्र चार धामों में से एक है। 16 जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक रथ यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए पहुँचते हैं। इतनी विशाल भीड़ के बीच भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक भीड़ प्रबंधन, कतार व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे और प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। विशेष सेवा टीम के सदस्य के रूप में चयन प्राचार्य प्रो. आर. के. सिंह ने बताया कि अनमोल गोयल का चयन राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की विशेष सेवा टीम के सदस्य के रूप में किया गया है। रोवर लीडर संयोजक प्रो. शीशराम यादव एवं कपूर चंद वर्मा ने जानकारी दी कि अनमोल लगातार तीसरी बार राजस्थान से बाहर आयोजित राष्ट्रीय मुख्यालय के इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सेवा शिविर के लिए चयनित हुए हैं। यह कॉलेज और पूरे कोटपूतली क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। अनमोल की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें राष्ट्रीय सेवा दायित्व की बधाई दी और उनकी सफल व मंगलमय यात्रा की कामना की है।